कुलगाम में आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में मजदूरी करने वाले बिहार के व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी है। मारे गए व्यक्ति की पहचान शंकर चौधरी के रूप में हुई है। इससे पहले कुलगाम में आतंकियों ने पुलिस के जवान की गोली मार कर हत्या कर दी। शहीद जवान की पहचान बंटू शर्मा के रूप में हुई।
जम्मू-कश्मीर में कुलगाम के नेहामा इलाके में आतंकियों ने बिहार के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार मृत की पहचान शंकर चौधरी के रूप में हुई है जो वहां पर मजदूरी करता था। अधिकारी ने बताया कि आतंकियों ने एक स्थानीय मजदूर को शुक्रवार शाम को गोली मार दी। जिसके बाद उसे अस्पताल में ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन
गौरतलब है कि शुक्रवार की शाम ही कश्मीर संभाग के कुलगाम में आतंकियों ने पुलिस के जवान की गोली मार कर हत्या कर दी। शहीद जवान की पहचान बंटू शर्मा के रूप में हुई है। बेटे की शहादत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। उधर, हमलावरों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले रविवार को आतंकियों ने श्रीनगर में घात लगाकर सब इंस्पेक्टर अर्शीद अहमद की हत्या की थी।
गौरतलब है कि बैखलाहट के चलते आतंकी संगठनों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। वह हिट एंड रन के साथ-साथ ग्रेनेड हमलों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं ताकि सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाया सकें। इतना ही नहीं ऐसी घटनाओं को ओवर ग्राउंड वर्करों (ओजीडब्ल्यू) और हाइब्रिड आतंकियों द्वारा अंजाम दिया जा रहा है ताकि अगर उनमें से कोई मारा या पकड़ा भी जाता है तो आतंकी संगठनों को ज़्यादा बड़ा धक्का न लगे।
श्रीनगर समेत घाटी में पिछले कुछ सप्ताह में साफ्ट टारगेट को निशाना बनाने की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। ये घटनाएं ऐसे पिस्तौल धारी आतंकियों से करवाई जाती हैं जो सुरक्षा एजेंसियों की सूची में आतंकी के रूप में नहीं हैं। ऐसे आतंकियों को खोजना मुश्किल होता है। हाइब्रिड आतंकियों को हैंडलर्स की ओर से आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए स्टैंडबाय में रखा जाता है। वह दिए गए टास्क को पूरा करने के बाद नए टास्क का इंतजार करते हैं। इस बीच वह अपने सामान्य कामकाज को करने लगते हैं।