तीन बेटियां गंभीर घायल, मध्यप्रदेश में शादी समारोह के बाद कार से जम्मू लौट रहे थे सभी
चालक को झपकी आने से अनियंत्रित होकर पाेल से टकराई कार
मध्य प्रदेश का यह परिवार 10 साल से जम्मू में रह रहा था
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पंजाब के मालेरकोटला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में जम्मू में रहने वाले एक दंपती उत्तम अहिरवार और उनकी पत्नी वर्षा अहिरवार की मौत हो गई। इस दौरान तीन बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिवार मध्य प्रदेश में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद जम्मू लौट रहा था।
मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला यह परिवार लगभग दस वर्षों से जम्मू में रहकर जीवन यापन कर रहा था। वर्तमान में परिवार नानक नगर इलाके में किराये के मकान में रह रहा था। मृतक उत्तम अहिरवार पेशे से इलेक्ट्रीशियन थे। मृतक के भाई अजय के अनुसार, उत्तम परिवार के साथ एक शादी समारोह में पिछले सप्ताह अपने गांव गौर, जिला छत्रपुर, मध्य प्रदेश गए थे। अजय ने बताया कि वह स्वयं मंगलवार को ही जम्मू लौटे थे। उत्तम, उनकी पत्नी वर्षा और बच्चे एसयूवी कार से जम्मू आ रहे थे। बुधवार सुबह करीब सात बजे पंजाब पुलिस ने फोन पर हादसे की सूचना दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार हादसा अलसुबह चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। इस दौरान कार अनियंत्रित होकर एक पोल से टकरा गई। हादसे में कार में सवार दंपति की तीन बेटियां भव्या, मानवी और जाह्नवी बुरी तरह घायल हुई हैं। इलाज के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर है। अजय ने बताया कि पंजाब पुलिस ने मालेरकोटला के स्थानीय अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम करवा दिया है। अंतिम संस्कार के लिए शवों को मध्य प्रदेश ले जाया जाएगा।
-
छतरपुर से जम्मू के बीच 1224 किलोमीटर की है दूरी
मध्य प्रदेश के छतरपुर से जम्मू तक की सड़क मार्ग से कुल दूरी 1224 किलोमीटर है। इतनी लंबी दूरी तय करने में अमूमन 20 से 24 घंटे का समय लग जाता है। बिना रुके या बिना अतिरिक्त चालक के इतनी लंबी दूरी की ड्राइविंग करना बेहद जोखिम भरा होता है, क्योंकि लगातार एक ही स्थिति में बैठे रहने और ध्यान केंद्रित करने से शारीरिक और मानसिक थकान होती है। यही थकान और नींद के झोंके अक्सर हाईवे पर होने वाले बड़े और जानलेवा हादसों का प्रमुख कारण बनते हैं।
हादसों का बड़ा कारण झपकी आना : डीएसपी
डीएसपी ट्रैफिक अश्वनी शर्मा ने कहा कि सड़क हादसों का एक बड़ा कारण ड्राइवर की थकान और नींद की झपकी है। इसका प्रमुख कारण परिवार के साथ लंबी दूरी की सड़क यात्रा पर उत्साह के बीच हम अक्सर अपनी शारीरिक क्षमता को नजरअंदाज कर देते हैं। सुरक्षित सफर के लिए कार चालक का शारीरिक और मानसिक रूप से फिट होना अनिवार्य है। लंबी दूरी की यात्रा में कार में हमेशा कम से कम एक अतिरिक्त चालक जरूर होना चाहिए। जब एक व्यक्ति लगातार वाहन चलाकर थक जाए, तो बिना कोई जोखिम लिए दूसरे व्यक्ति को तुरंत ड्राइविंग की जिम्मेदारी संभाल लेनी चाहिए।
-