जम्मू। संभाग में अगले तीन महीने के लिए राशन की कोई कमी नहीं होगी। जम्मू के मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए लॉकडाउन को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है।
मंडलायुक्त ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान लोगों को खाद्य पदार्थों की कमी न हो इसे सुनिश्चित किया गया है। अगले कई महीनों के लिए राशन का भंडार जम्मू संभाग के लिए उपलब्ध है। लॉकडाउन की वजह से राशन की कालाबाजारी जो कोई भी करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा जिला स्तर पर डीसी को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। राशन के अलावा पेट्रोल डीजल का भी पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। लोगों को घरों में रहना चाहिए ताकि कोरोना वायरस को हराया जा सके।
अखबार के वितरण को दी गई है मंजूरी
मंडलायुक्त के अनुसार समाचार पत्रों को जरूरी सेवाओं में शामिल किया गया है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह समाचार पत्रों को एक जगह से दूसरे जगह तक पहुंचाने वाले लोगों को परेशानी न हो इसके लिए हर संभव सहयोग करें।