जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को मिले 156 संक्रमित मामलों से फिर उछाल आया। लेकिन इसके साथ ही प्रदेश में रिकॉर्ड 266 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ भी हुए। इसमें जम्मू संभाग से 55 और कश्मीर से 211 मरीज शामिल हैं। अब तक प्रदेश में कुल 2086 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इसमें जम्मू संभाग से 353 और कश्मीर से 1733 मामले शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर में स्वस्थ होने वाले मरीजों के ग्राफ में बढ़ोतरी हुई है। इस बीच जम्मू संभाग के राजोरी जिले में कोरोना संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
शुक्रवार को मिले संक्रमित मामलों में जम्मू संभाग से 88 और कश्मीर संभाग से 68 मामले शामिल हैं। इनमें 80 पैसेंजर व 76 अन्य वर्ग के मरीज शामिल हैं। कुलगाम में 2, बारामुला में 7, श्रीनगर में 5, अनंतनाग में 1, शोपियां में 38, कुपवाड़ा में 5, बडगाम में 6, पुलवामा में 4, जम्मू में 8, रामबन में 21, कठुआ में 26, पुंछ में 12, सांबा में 14, राजोरी में 2, डोडा में 3, रियासी में 1 और किश्तवाड़ में 1 मामला शामिल हैं। जम्मू में आए नए पाजिटिव मामलों में 6 पैसेंजर व 2 अन्य वर्ग के लोग शामिल हैं।
प्रदेश में 3489 लोग निगरानी में लिए
शुक्रवार को कोरोना के 3489 संदिग्ध लोगों को निगरानी में लिया गया। अब तक कोरोना संक्रमित, उनके संपर्क और विदेश यात्रा से जुड़े मामलों में 230505 लोगों को निगरानी में लिया जा चुका है। इसमें 41964 को घर पर क्वारंटीन, 2591 को अस्पताल में आइसोलेशन, 31 को अस्पताल में क्वारंटीन, 55738 को घर पर सर्विलांस पर लिया गया है।
इनमें 130128 ने सर्विलांस अवधि को पूरा कर लिया है। अब तक प्रदेश में 254059 सैंपलों में से 249329 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कुल 4730 पाजिटिव मामलों में 2591 सक्रिय हैं। इनमें जम्मू संभाग में 738 और कश्मीर में 1853 मामले शामिल हैं। अब तक जम्मू संभाग से 7 और कश्मीर से 47 मौतें कोरोना संक्रमण से हो चुकी हैं।