जम्मू क्षेत्र के लोगों को एक और टोल चुकाने के लिए तैयारी हो जाना चाहिए। सरोर, लखनपुर के बाद अब अखनूर में भी हाईवे पर नया टोल प्लाजा स्थापित करने की तैयारी की जा चुकी है। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम के साथ हाल ही में इलाके का जायजा लिया।
फिलहाल अखनूर-जम्मू रोड पर कस्बे के स्टील ब्रिज के पास गांव मालपुर में जमीन का चयन किया गया है। टोल प्लाजा के लिए नहर के दूसरी ओर 25 से 30 कनाल जमीन की जरूरत होगी। इसके अधिग्रहण की तैयारी शुरू कर दी गई है।
26 किलोमीटर लंबे अखनूर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग (144ए) को फोर लेन करने काम इस समय तेजी से चल रहा है। इसका काम वर्ष 2021 तक पूरा करने की तैयारी है। बुधवार को रोड पर कस्बे के स्टील ब्रिज के पास गांव मालपुर में बुधवार को एसडीएम नॉर्थ पवन कोतवाल की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। टीम में शामिल सदस्यों ने गांव मालपुर मेन रोड पर टोल प्लाजा के लिए भूमि का चयन किया।
इस जमीन पर टोल प्लाजा के साथ ही शॉपिंग कांप्लेक्स और पार्क बनाने की भी योजना है। नहर के दूसरी ओर 35 से 30 कनाल जमीन अधिग्रहीत करने की योजना है। प्रशासन शीघ्र ही भूमि अधिग्रहण के लिए नोटिस जारी करेगा।
जिस जमीन का प्रशासन ने चयन किया है वह आठ किसानों की है। इन किसानों ने इसका विरोध भी शुरू कर दिया है। किसानों ने निरीक्षण करने पहुंची टीम के सामने भी विरोध किया, फिलहाल अधिकारी किसी बदलाव के मूड में नहीं हैं।