अखनूर। कस्बे में प्रशासन ने दो हायर सेकेंडरी स्कूल को क्वारंटीन सेंटर के लिए चिह्नित किया है। इससे कस्बे के लोगों में रोष पनप गया है। लोगों ने मांग की है कि कोरोना वायरस के मरीजों के लिए क्वारंटीन सेंटर कस्बे के बीच बनाना ठीक नहीं है। स्कूलों के आसपास रिहायशी क्षेत्र है। परिवारों को डर बना रहेगा। लोगों का कहना है क्वारंटीन सेंटर को कस्बे के बाहर बनाया जाए।
अखनूर प्रशासन ने कस्बे में पांच जगहों को आपातकाल स्थिति के लिए क्वारंटीन सेंटर बनाने के लिए चिह्नित किया। इसमें गवर्नमेंट ब्वॉयज और गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल भी शामिल हैं। दोनों स्कूल कस्बे के मध्य होने और मुख्य बाजारों में होने से लोग स्कूल के पास से आवाजाही करते हैं। क्वारंटीन सेंटर की खबर लगने पर सोमवार को कस्बे के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम से मिलकर सेंटर को स्थानांतरित करने की मांग भी की, मगर प्रशासन नहीं माना। क्वारंटीन सेंटर स्थानांतरित नहीं करने से लोगों में रोष है।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को चाहिए कस्बे में क्वारंटीन सेंटर बनाने की बजाए प्रशासन को चाहिए कस्बे के बाहर किसी अन्य स्कूल या डिग्री कॉलेज में सेंटर बनाए ताकि कस्बे के लोगों में बना भय खत्म हो। लोगों का कहना है कि मरीजों का उपचार करना सही है, मगर इसके लिए अन्य सुरक्षित लोगों में खतरा बनाना सही नहीं है। उन्होंने बताया कि दोनों स्कूल के आसपास से अखनूर की अधिकतर जनता स्कूल के जाने वाले रोड से हो करके गुजरती है। ऐसे में प्रशासन और सरकार को चाहिए कि पुनर्विचार करके निर्णय वापस लेकर कस्बे के बाहर क्वारंटीन सेंटर स्थापित करे।
-----
कस्बे में पांच क्वारंटीन सेंटर स्थापित करने के लिए स्थान चिह्नित किया गया है। इसमें दो हायर सेकेंडरी स्कूल भी शामिल हैं। इनमें सेंटर बनाने का उद्देश्य दोनों में शौचालय सहित सुविधाएं पहले से ही हैं। जबकि अन्य जगहों पर यह सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इनको आपातकाल के समय ही प्रयोग किया जाएगा।
-गोपाल सिंह, एसडीएम, अखनूर