सांबा। कोरोना के बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण अभियान चलाया गया। पहले लोग वैक्सीन की खुराक लेने से कतराते रहे थे। स्वास्थ्य विभाग को काफी परेशानी बन रही थी। कई प्रकार के कार्यक्रम कर लोगों को वैक्सीन के प्रति जागरूक किया गया। इस पर स्वास्थ्य विभाग को सफलता भी मिली।
जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोई भी ऐसा परिवार नहीं है, जिसे वैक्सीन की खुराक नहीं लगाई हो। स्थानीय निवासी कृष्ण लाल ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं। तीनों ने वैक्सीन की खुराक ली है। यही नहीं उनके सात पोते-पोती हैं। उन्हें भी दूसरी खुराक लगवा दी है। ऐसे में उनका सारा परिवार पूरी तरह से कोरोना से सुरक्षित हो गया है। 12 वीं कक्षा के छात्र शान कुमार ने बताया कि उन्होंने वैक्सीन की अपनी दोनों खुराक ले ली है। उन्होंने अपने साथियों से भी कहा कि कोरोना की वैक्सीन की खुराक अवश्य लें।
निजी स्कूल के प्रबंधक विनय शर्मा के अनुसार सरकारी स्कूलों के साथ निजी स्कूल प्रबंधन की ओर से वैक्सीन के लिए बच्चों को अधिक जागरूक किया गया। क्योंकि निजी स्कूलों में अभिभावकों की ओर से कोविड का प्रमाणपत्र भी दिया जाना है। ऐसे में उन्होंने सभी बचों के अभिभावकों को जागरूक किया कि वह अपने बच्चों को साथ लेकर स्कूल पहुंचें, जिस पर शत प्रतिशत टीकाकरण पूरा हो सका है।