अरनिया। क्षेत्र में कोविड-19 की महामारी से मिलने वाली राहत आज भी जारी रही। मंगलवार को भी कोई पॉजिटिव नहीं मिला।
आज भी दो स्थानों पर शिविर लगा कर 109 लोगों के सैंपल लिए गए जिसमें सभी निगेटिव पाए गए।
बीते कई दिन से लिए जा रहे सैंपल लगातार निगेटिव आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम के अनुसार उप चिकित्सा केंद्र में मंगलवार को 109 लोगों के रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए जो सभी निगेटिव पाए गए। वहीं पुलिस नाके पर 100 लोगों के सैंपल लिए गए, वहां पर भी सभी निगेटिव पाए गए। टीम के अनुसार रैपिड एंटीजन टेस्ट लगातार जारी है, मगर अभी कहीं पर भी संक्रमण का मामला नहीं मिल रहा। जो क्षेत्र के लोगों सहित सभी के लिए राहत भरी खबर है। बीते करीव दस दिन से क्षेत्र में संक्रिमतों का आंकड़ा 24 पर ही स्थिर था। आज इनमें से 22 लोगों ने कोरोना को मात देकर विजय पाई है। अब सबसे बड़ी राहत की बात यह कि अब क्षेत्र में संक्रमितों का आंकड़ा घटता हुआ दो तक पहुंच चुका है। जिन्हें होम क्वारंटीन में रखा गया है। तीन चार दिन तक उनके फिर से सैंपल लिए जाएंगे, अगर उनके सैंपल निगेटिव आएंगे तो अरनिया कोरोना मुक्त हो जाएगा। जो बहुत बड़ी और राहत की बात होगी।
उल्लेखनीय है कि अरनिया में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान पॉजिटिव की संख्या इतनी थी कि इस क्षेत्र को हॉट स्पॉट घोषित कर दिया गया था। लोगों को उपचार देने के लिए क्वारंटीन सेंटर बनाए गए थे। तरेवा की सरपंच ने अपने प्रयास से भी करीब 50 बेड का क्वारंटीन सेंटर बनाया था ताकि संक्रमितों को जल्दी ही उपचार दिया जा सके। अरनिया में संक्रमितों की घटी संख्या को देखते हुए यह कहा जा रहा है कि लोगों ने बड़ी ही सूझबूझ और धैर्य का परिचय दिया, जिससे इस महामारी पर काबू पाया जा सका है।