आरएस पुरा। उपजिला में रविवार को 238 टेस्ट किए गए। इसमें से 16 पॉजिटिव निकले। दिन ब दिन उपजिले में पॉजिटिव लोगों की बढ़ोतरी होने पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आरएस पुरा के दो वार्डों को माइक्रो कंटोंमेंट होने पर अब अन्य वार्डों में पॉजिटिव की संख्या बढ़ रही है। हालत यह कि उपजिले के हर तीसरे गांव में लोग पॉजिटिव आ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने पर अधिकतर लोग पहले उपजिला अस्पताल पहुंचते हैं और बाद में यहां रैपिड टेस्ट कराने के बाद जम्मू भेजा जा रहा है। पूर्व सरपंच ओम प्रकाश का कहना है कि हालत यह है कि अभी तक प्रशासन की ओर से किसी पंचायत के गांव को सैनिटाइज नहीं कराया गया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक डॉक्टर के अधिक रोगियों के पहुंचने पर उपचार कर पाना मुश्किल है। माकपा नेता किशोर कुमार का कहना है कि केंद्र व राज्य सरकार की गलत नीतियों के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को मजबूती के साथ कारगर कदम उठाने चाहिए ताकि कोरोना महामारी पर नियंत्रण पाया जा सके।
अखनूर में कोरोना के 28 नए मामले
अखनूर। क्षेत्र में रविवार को छुट्टी होने के बावजूद कस्बे के हायर सेकेंडरी स्कूल में 84 लोगों की टेस्टिंग की गई, जिसमें 28 लोग संक्रमित पाए गए हैं। सभी संक्रमितों को प्रशासन ने घरों में क्वारंटीन किया है। दूसरी लहर से क्षेत्र में लगातार संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना के बढ़ते मामले प्रशासन के लिए चिंता का विषय हैं। क्षेत्र में कोरोना से अब तक पांच लोगों की मौत भी हो चुकी है। मृतकों में हरिद्वार महाकुंभ में भाग लेने वाले कुछ लोग भी शामिल हैं। क्षेत्र में अब तक कोरोना के करीब सात सौ मरीज आ चुके हैं।