जम्मू। जम्मू कश्मीर में कोविड की तीसरी लहर लगभग धीमी पड़ चुकी है। प्रदेश में पिछले दो साल बाद बुधवार को न्यूनतम एक ही श्रीनगर में संक्रमित मामला मिला। जबकि प्रदेश के 19 जिलों में कोई संक्रमित मामला नहीं मिला। श्रीनगर जिले में वर्तमान में सबसे अधिक 39 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में 53 ही सक्रिय मामले रह गए हैं, जिसमें जम्मू संभाग से 10 मामले हैं। हालांकि दिल्ली सहित देश के अन्य राज्यों में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए आगामी हफ्तों में जम्मू कश्मीर में संक्रमण के प्रसार का असर दिख सकता है।
जम्मू कश्मीर के 13 जिले कोविड मुक्त चल रहे हैं। कोविड के बढ़ते प्रसार को देखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर कोविड उपयुक्त व्यवहार का कोई पालन नहीं हो रहा है। बाजारों में भीड़ के बीच अधिकांश लोगों ने मास्क से तौबा कर रही है। इसी तरह सामाजिक दूरी का कहीं पालन होता नहीं दिख रहा है, जिससे दिल्ली के बाद जम्मू कश्मीर में भी आगामी समय में कोविड संक्रमण का प्रसार होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। वर्तमान में जम्मू एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जम्मू में यात्रियों के कोविड परीक्षण नहीं किए जा रहे हैं।