जम्मू। सप्ताहांत पाबंदियों के बाद जम्मू कश्मीर में सोमवार को गैर जरूरी प्रतिष्ठान खुलने से रौनक लौटी। इस दौरान लोगों ने जमकर खरीदारी की। लेकिन भीड़ के बीच सामाजिक दूरी की धज्जियां भी उड़ी। खासतौर पर जम्मू शहर सहित अन्य संकरी बाजारों में बड़ी संख्या में लोगों ने मास्क से भी परहेज किया। बाजारों में वाहनों की आवाजाही बढ़ने से जाम की स्थिति भी रही। सरकार की निर्देशावली के अनुसार आगामी शुक्रवार दोपहर 2 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक गैर जरूरी आवाजाही और गतिविधियों पर पाबंदी रहेगी।
पाबंदियां हटने के बाद सोमवार सुबह से ही पूरी तरह से बाजार खुल गए। इसमें सभी तरह के प्रतिष्ठान खोले गए। दो दिन बंद रहने के कारण बाजारों में गैर जरूरी वस्तुओं की खरीदारों के लिए लोगों की भीड़ पहुंची। शहर के रघुनाथ बाजार, रेजीडेंसी रोड, लखदात्ता बाजार, कनक मंडी, सिटी चौक, पुरानी मंडी, शालामार, राज तिलक रोड, लिंक रोड, जैन बाजार, चौक चबूतरा, पक्का डंगा, परेड, कच्ची छावनी, तालाब तिल्लो, जानीपुर, शास्त्रीनगर, गांधीनगर आदि स्थानों पर बाजारों को दिनभर खोला गया। खासतौर पर पुराने शहर के संकरी बाजारों में जाम की स्थिति रही।
प्रदेश की प्रमुख अनाज मंडी वेयर हाउस के भी दो दिन बाद खुलने से जम्मू, कश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के लिए खाद्य पदार्थों की सप्लाई की गई। शहर की प्रमुख थोक अनाज कनक मंडी में भी भीड़ पहुंची। बाजार खुलने के साथ पुलिस प्रशासन भी सक्रिय दिखा। कई जगहों पर बिना मास्क पहने लोगों के चालान काटे गए। कई बाजारों में जाम को खुलवाने के लिए पुलिस कर्मियों के साथ ट्रैफिक कर्मियों को कसरत करनी पड़ी।