जम्मू। जम्मू-कश्मीर में ओमिक्रॉन की दस्तक के बाद कोविड संक्रमण के प्रसार का खतरा बढ़ता जा रहा है। राजधानी श्रीनगर के बाद जम्मू में लगातार संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। यहां नए साल में संक्रमित मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। कोविड विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में तेजी से संक्रमण का प्रसार हो सकता है। इसमें डेल्टा प्लस और ओमिक्रॉन कोविड स्वरूप के मामले भी सामने आ सकते हैं। सार्वजनिक भीड़ पर नियंत्रण न होने के कारण संक्रमण का प्रसार बढ़ रहा है।
जम्मू में पिछले चार दिन में 169 से अधिक मामले मिल चुके हैं। कुछ समय पहले तक प्रतिदिन यह आंकड़ा सिंगल में था, लेकिन अब इसमें धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। बाजारों में भी भीड़ पर कोई लगाम नहीं लग पाई है। सामाजिक दूरी और कोविड उपयुक्त व्यवहार का कहीं पालन होता नहीं दिख रहा है। तीर्थ स्थलों पर भी लंबी कतारों से हालात भयानक हैं। संक्रमण मामलों के प्रसार में जिला जम्मू प्रदेश में दूसरे स्थान पर चल रहा है।
जीएमसी के माइक्रोबायोलाजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संदीप डोगरा ने बताया कि सार्वजनिक भीड़ बढ़ने के कारण सकारात्मक मामलों में बढ़ोतरी हुई है और आगामी समय में इसमें और वृद्धि की आशंका है। खासतौर पर संक्रमण के प्रसार को देखते हुए जनवरी और फरवरी में तेजी से संक्रमित मामलों में उछाल आ सकता है। इसके लिए कोविड उपयुक्त व्यवहार का हर हाल में पालन करवाना जरूरी है। अगर ऐसा नहीं होता है तो कोरोना का नया स्वरूप चैन बनाकर समाज पर अधिक प्रभाव डालेगा।