जम्मू कश्मीर में सरकारी अवकाश के बीच मंगलवार को 31 नए कोविड के मामले मिले। इसमें सर्वाधिक 16 मामले श्रीनगर से आए हैं। गत दिवस के मुकाबले संक्रमित मामलों में थोड़ी गिरावट रही, लेकिन कोविड परीक्षण बढ़ाने पर संक्रमण दर में बढ़ोतरी हो सकती है।
प्रदेश में मौजूदा 156 सक्रिय मामले हैं। इसमें जम्मू संभाग से 35 और बाकी कश्मीर संभाग से हैं। राहत यह है कि अधिकांश मामले सामान्य मिल रहे हैं, जिससे अब तक कोई मौत रिपोर्ट नहीं हुई है।
बारामुला, बड़गाम, अनंतनाग और कुलगाम में दो-दो, पुलवामा में तीन, कुपवाड़ा और गांदरबल में 1-1 संक्रमित मामला मिला है। जम्मू, कठुआ में 1-1 नया मामला मिला है। प्रदेश में 31 पीड़ितों को होम सर्विलांस पर रखा गया है। इस बीच जम्मू-कश्मीर में 41 कोविड पीड़ित रिकवर हुए हैं, जिसमें 8 जम्मू संभाग और 33 कश्मीर संभाग से हैं। चौबीस घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर में 1785 कोविड परीक्षण किए गए हैं।
कोविड मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए चिकित्सा केंद्रों पर एहतियाती खुराक लेने के लिए लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन कहीं भी वैक्सीन की उपलब्धता न होने के कारण परेशानी हो रही है। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय स्तर पर वैक्सीन की कमी बनी हुई है। जम्मू-कश्मीर की बात करें तो 18 से अधिक आयु वर्ग की अनुमानित आबादी 93 लाख पर 80 प्रतिशत लोगों ने एहतियाती खुराक ली ही नहीं है।
वहीं, कोविड की तैयारियों को जांचने के लिए दस अप्रैल को चिकित्सा केंद्रों पर माकड्रिल की तैयारी की जा रही है। इसमें चिकित्सा संसाधनों के साथ अन्य सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी।