आरएस पुरा। यूके के साउथ हाल गए आरएस पुरा के गांव देरियां निवासी सुशील कुमार का शव सोमवार सुबह गांव देरियां लाया गया। इसका परिवार, रिश्तेदार व बड़ी संख्या में गांव वासियों ने नम आंखों से पैतृक गांव स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गौरतलब है कि 25 अप्रैल को आरएस पुरा के गांव देरियां निवासी सुशील कुमार पुत्र यशपाल चौधरी यूके के शहर साउथ हाल गया था। 14 मई को उसकी रहस्यमयी परिस्थितियों में साउथ हाल के एक होटल में मौत हो गई। उसका शव होटल के एक कमरे में पाया गया था। इसकी सूचना घर वालों को मिली, तो उसके बाद सुशील के शव को स्वदेश लाने में परेशानी आ रही थी। परिजनों ने केंद्र सरकार में पीएमओ राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से संपर्क कर सुशील का शव गांव लाने की अपील की, जिनके प्रयास से करीब 16 दिन बाद शव पैतृक गांव पहुंच पाया है। शव देरियां पहुंचने पर गमगीन माहौल बना हुआ था। मृतक के पिता यशपाल ने शव को घर पहुंचने में लोगों के योगदान पर आभार प्रकट किया। सोमवार को अंतिम यात्रा में काफी लोग शामिल हुए। इसमें पूर्व मंत्री चौ. गारू राम सहित डीडीसी सदस्य तरनजीत सिंह, प्रो. गारू राम भगत भी शामिल हुए।