भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर आए दिन होने वाली गोलाबारी से ग्रामीणों को महफूज रखने के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके तहत जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा की जीरो लाइन से सटे 22 गांवों में पक्के बंकर बनाने का खाका तैयार कर लिया गया है।
जिला उपायुक्त कठुआ डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी ने पुष्टि करते हुए बताया कि हीरानगर सब डिवीजन के सीमावर्ती इलाके में 22 बंकरों का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। हर बंकर के लिए पांच कनाल भूमि (एक कनाल में लगभग 5440 वर्ग फीट जमीन) चिह्नित कर ली गई है।
बंकर बनाए जाने की मियाद और इस पर आने वाले खर्च का फैसला 20 जनवरी को राज्यपाल की अध्यक्षता में होने वाली यूनिफाइड कमांड की बैठक में लिया जाएगा। पक्के बंकर बनाए जाने में सीमा सुरक्षा बल का सहयोग लिया जाएगा।