सांबा के घगवाल ब्लॉक के दोसईयां गांव के प्रभावित को राशन देते भाजपा नेता
- फोटो : SAMBA
सांबा। जिले के घगवाल ब्लॉक के सुराडा पंचायत के गांव दोसाईयां में शनिवार की रात को भूस्खलन से बेघर हुए ग्रामीणों को सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से जरूरी वस्तुएं बांटी गईं। एसडीएम घगवाल रमकेश शर्मा ने राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ प्रभावित गांव का दौरा किया। इस दौरान प्रभावित परिवार को कंबल, गद़दे दिए। लोग सुरक्षित स्थान पर किसी के खाली पड़े मकान में रह रहे हैं।
सनद रहे कि शनिवार रात को दोसाईयां गांव में भूस्खलन हुआ, जिससे एक ग्रामीण के दो मकान नष्ट हो गए। वह लोग पहले ही सुरक्षित स्थान को चले गए थे। छह घरों वाले गांव के अन्य लोग भी सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए हैं।
-----
घगवाल ब्लॉक के बीडीसी चेयरमैन विजय टंगोत्रा ने बताया कि उन्होंने पहली बार ऐसा देखा है कि एक पहाड़ के दो हिस्से बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि दोसाईयां से टाकी सुंब की ओर जाने वाला मार्ग भी नष्ट हो चुका है। उनके अनुसार मार्ग पर पड़ा कंकरीट दस फुट मार्ग से ऊपर उठ गया है। कई जगह से जमीन नीचे से ऊपर आ गई है। कई जगह से जमीन नीचे धंस चुकी है।
------
सांबा भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोसाईयां गांव पहुंच कर प्रभावित ग्रामीण को राशन बांटा। भाजपा के पूर्व जिला प्रधान जंगवीर सिंह की देखरेख में सुंब बीडीसी के चेयरमैन रमेश सिंह, सुराडा के सरपंच जसवीर सिंह, नृसिंह दियाल आदि ने प्रभावित परिवार की सहायता कर उन्हें आश्वासन दिया कि उनके नुकसान हुए मकान का मुआवजा दिलाने के प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अन्य ग्रामीणों के मकानों को भी दरारें आ चुकी हैं। वह कभी भी गिर सकते है। उन्होंने प्रशासन से मांग उठाई है कि प्रभावित लोगों को शीघ्र मुआवजा दिलाया जाए।