भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के कामकाज की निगरानी के लिए दो सदस्यीय एडहॉक कमेटी बना दी है। यह कमेटी जेकेसीए के चुनाव होने तक कामकाज देखेगी।
विज्ञापन
जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट ने जेकेसीए के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीअईओ) आशिक हुसैन बुखारी को पद से हटाकर बीसीसीआई को जेकेसीए का कामकाज देखने को कहा था। इस कड़ी में बीसीसीआई ने जेकेसीए के लिए एडहॉक कमेटी बनाई जो चुनाव होने तक वित्तीय और खेल गतिविधियां देखेगी।
जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट के जस्टिस अली मोहम्मद मागरे और जस्टिस पुनीत गुप्ता की खंडपीठ ने बीसीसीआई को सभी हितधारकों, याचिकाएं दायर करने वाले पक्षों से चर्चा करते हुए लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों के अनुरूप जल्द से जल्द चुनाव कराने के आदेश दिए हैं।