शारीरिक शिक्षा विभाग विवि जम्मू की ओर से करवाए जा रहे फुटबाल में सभी खिलाड़ी अपना बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपना दमखम दिखा रहे हैं। सोमवार को अंतर कालेज टूर्नामेंट के तहत पुरुष वर्ग के फुटबाल मैच खेले गए, जिसमें विभिन्न कालेजों के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए फुटबाल खेल के प्रति अपनी दीवानगी को मैदान में दिखाया।
फुटबाल मैच में पलौड़ा के गवर्नमेंट डिग्री कालेज और माइट कालेज के खिलाड़ियों के बीच मैच खेले गए। माइट कालेज के खिलाड़ियों ने चार गोल के साथ पलौड़ा डिग्री कालेज को परास्त किया। मैच में मोहित ने पहले मिनट में पहला गोल दागा, दूसरा गोल छह मिनट में ऋषभ ने दागा, जबकि तीसरा और चौथा गोल उमर ने नौ और अठारह मिनट के समय अंतराल पर किया।
अंतर कालेज फुटबाल टूर्नामेंट के तहत दूसरा मैच एसपीएमआर कामर्स कालेज और हीरानगर के गवर्नमेंट डिग्री कालेज के खिलाड़ियों के बीच करवाया गया। इस मैच में कामर्स कालेज के खिलाड़ियों ने हीरानगर डिग्री कालेज की टीम को 5-0 गोल से हराया।
मैच में दो मिनट में पहला गोल अंकित, दस मिनट में दूसरा गोल, तीसरा गोल 36वें मिनट के दौरान राजा अली, चौथा गोल साहिल ने 45वें मिनट, जबकि सुरजीत सिंह ने 49वें मिनट में पांचवां गोल दागकर मैच को कामर्स कालेज के नाम करवाया।