झिड़ी मेले की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। झिड़ी और बावे तालाब में पांच नवंबर को मेले का आयोजन होगा। उपायुक्त अजीत कुमार साहू ने इस बाबत अलग-अलग विभागों के अधिकारियों से सोमवार को डीसी कांप्लेक्स में बैठक की और 25 अक्तूबर तक सभी प्रकार के उचित इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
इंतजाम का जायजा लेने के लिए 27 अक्तूबर को बैठक करने की जानकारी भी दे दी है। जानकारी के मुताबिक पांच नवंबर को झिड़ी मेला शुरू होने वाला है। इसमें पंजाब, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली से हजारों की तादाद में लोग जम्मू आएंगे। झिड़ी और बावे तालाब में मेला लगेगा। बैठक में एसडीएम मढ़ सुनैना शर्मा को मेला अफसर नियुक्त किया गया है।
मेले में मुख्यातिथि कौन होगा, इसका फैसला अंतिम चरण में किया जाएगा। फिलहाल बैठक में पीडीडी, पीएचई, नगर निगम, जेडीए, एसपी ट्रैफिक, एसपी रूरल, एनिमल हसबेंडरी, आरएंडबी और इन्फारमेशन सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे। डीसी ने बिजली, पानी, साफ-सफाई, सड़क, सुरक्षा तथा रास्तों के बदलाव संबंधी उचित इंतजाम करने को कहा गया है।
भगवती नगर पुल से झिड़ी पहुंचेंगी इंटर स्टेट बसें
दूसरे राज्यों से मेले में शामिल होने के लिए पहुंचने वाले लोगों की इंटर स्टेट बसें एशिया से प्रवेश करके भगवती नगर पुल से होते हुए झिड़ी पहुंचेंगी। आरटीओ जम्मू को ट्रैफिक पुलिस को रूट के बारे जानकारी देने वाले साइन बोर्ड आदि लगाने के लिए कहा है।