फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर में क्यों बढ़ी पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में रार?

Sat, 22 Apr 2017 11:47 AM IST
amarujala.com- Presented by: आशुतोष तिवारी
विज्ञापन
राममाधव और महबूबा मुफ्ती - फोटो : File Photo
विज्ञापन
रियासत में ढाई साल पुरानी पीडीपी-भाजपा गठबंधन में रार बढ़ती जा रही है। एमएलसी चुनाव में क्रास वोटिंग तथा उद्योग मंत्री के कश्मीरियों के प्रति विवादित बयान के बाद दोनों दलों के बीच तल्खी बढ़ी है। पहले पीडीपी ने एमएलसी के शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया और अब कठुआ में राज्य सरकार के मेधावी छात्राओं को स्कूटी वितरण समारोह का।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती का कार्यक्रम तो पहले रद्द हो गया था, लेकिन शिक्षा मंत्री अल्ताफ बुखारी को समारोह में शामिल होना था। शिक्षा मंत्री भी कार्यक्रम में शरीक नहीं हुए। इस बीच घाटी में उपजे हालात पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राममाधव ने राज्यपाल से मुलाकात कर सुरक्षा हालात पर चिंता जताई।

इसके साथ ही पीडीपी के साथ भी बैठक कर उन्होंने इस तनातनी को कम करने पर बात की। उल्लेखनीय है कि ऐसा पहली बार हुआ है कि छात्राओं के लिए स्कूटी योजना कार्यक्रम में मुख्यमंत्री न पहुंची हों। 
विज्ञापन

भाजपा ने गठबंधन में रार से किया इनकार

डिप्टी सीएम निर्मल सिंह - फोटो : PTI
राज्य के दौरे पर पहुंचे राममाधव ने भाजपा कोर कमेटी के साथ बैठक कर घाटी के हालात तथा ताजा राजनीतिक हालात की जानकारी ली। इसके बाद पीडीपी के मंत्री डा. हसीब द्राबू के साथ राममाधव तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने पार्टी मुख्यालय में बैठक की।

लगभग डेढ़ घंटे चली बैठक में रियासत में बिगड़ते हालात पर तो बात हुई ही, हाल में एमएलसी चुनाव में भाजपा के क्रास वोटिंग तथा उद्योग मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा के पत्थरबाजों से गोली से निबटने संबंधी बयान पर पीडीपी ने सख्त आपत्ति दर्ज कराई। सूत्रों ने बताया कि पीडीपी ने ऐसे हालात में गठबंधन धर्म का पालन न करने पर भी विरोध दर्ज कराया।

डीजीपी एसपी वैद भी बैठक में शामिल हुए। कहा जा रहा है कि उनसे राज्य की सुरक्षा हालात की रिपोर्ट मांगी गई। बैठक के बाद अविनाश राय खन्ना ने कहा कि बैठक में राज्य के हालात तथा कानून व्यवस्था पर चर्चा हुई है। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। 

राजभवन में राममाधव ने राज्यपाल के साथ राज्य के हालात के साथ ही मौजूदा परिस्थितियों से निबटने के उपायों पर भी चर्चा की। घाटी में शांति तथा सामान्य माहौल की बहाली पर जोर दिया। कहा कि इस प्रकार के हालात से राज्य में विकास कार्यों पर असर पड़ रहा है। माना जा रहा है कि दोनों के बीच बातचीत में राज्यपाल ने राज्य के मौजूदा हालात तथा कानून व्यवस्था की स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। 

वहीं डिप्टी सीएम निर्मल सिंह ने कहा है कि गठबंधन में कहीं रार नहीं है। सब कुछ अच्छा चल रहा है। पीडीपी और भाजपा में किसी प्रकार का मतभेद नहीं है। सरकार विकास कार्यों पर पूरा ध्यान दे रही है। लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के हरसंभव प्रयास हो रहे हैं।
विज्ञापन

गंगा को मंत्रिमंडल से बाहर करो : पीडीपी  

MEHBOOBA MUFTI - फोटो : FILE PHOTO
मेधावी छात्राओं को स्कूटी वितरण कार्यक्रम में पहुंचे उपमुख्यमंत्री ऑल इज वेल कहते नजर आए तो पीडीपी की जिला इकाई ने हाईकमान के निर्देश पर कार्यक्रम का बहिष्कार किया। पीडीपी जिला अध्यक्ष सुरिंद्र सिंह ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा और पीडीपी गठबंधन सरकार में ऐसे मंत्रियों की कोई जगह नहीं है, जो तीनों खित्तों को समान नजर से नहीं देखते।

उन्होंने दो टूक कहा कि कैबिनेट में शामिल मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा को कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए। किसी भी समस्या का हल गोली नहीं है और बातचीत से ही हल निकल सकता है।

दावा किया कि भाजपा मंत्री के विवादित बयान के चलते ही शिक्षा मंत्री अल्ताफ बुखारी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए हैं। जिला उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता ने कहा कि कश्मीर के वर्तमान हालात को देखते हुए कैबिनेट मंत्री का यह ब्यान अलगाववाद को बढ़ावा देने वाला है, जो निंदनीय है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें