फारुक अब्दुल्ला और उद्योग मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा
- फोटो : File Photo
नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष और श्रीनगर सीट से सांसद डॉ. फारूक अब्दुल्ला शुक्रवार को राज्य सरकार में मंत्री चंद्रप्रकाश गंगा की टिप्पणी से भड़क गए। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर कैबिनेट मंत्री गंगा की टिप्पणी उनके गहरे पूर्वाग्रह और नीयत की तरफ इशारा करती है। पीडीपी के टिप्पणी पर दुख जताने को उन्होंने एक ‘दुख भरा चुटकुला’ करार दिया।
फारूक ने कहा कि पीडीपी का बीजेपी के साथ बगैर शर्त गठबंधन बताता है कि इस तरह की टिप्पणी हमारे लोगों के सम्मान की कीमत पर हो रही है। इस मुद्दे पर तो पीडीपी को भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ देना चाहिए था।
महबूबा के भाई तसदुक मुफ्ती का जिक्र करते हुए कहा कि भाई ही मानता है कि बहन की सरकार फेल रही है, ऐसे में मुख्यमंत्री को खुद इस्तीफा दे देना चाहिए। नई दिल्ली को भी उन्होंने आइडियोलॉजिकल पॉलिटिक्स से ऊपर उठने को कहा। कहा कि कश्मीरियों को नेशनलिज्म बनाम एंटी नेशनल के तराजू पर नहीं तौला जा सकता। कश्मीर में राजनीतिक समस्या इतनी उलझी है कि किसी भी तरह की परिभाषा में बांधना ठीक नहीं।