जम्मू। जनजातीय मामले विभाग ने यूपीएससी परीक्षा के इच्छुक जनजातीय छात्रों की कोचिंग के लिए एक नई योजना शुरू की है। स्टार्स-100 पहल के तहत जनजातीय समुदायों के 100 छात्रों को कोचिंग और शैक्षिक सहायता के लिए चयनित किया जाएगा। प्रौद्योगिकी समर्थित शिक्षा योजना (टीईईएस), एनईईटी, जेईई कोचिंग और विशेष छात्रवृत्ति की शुरुआत के बाद सिविल सेवा परीक्षा में कोचिंग की योजना एक और पहल है। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की है। अगस्त में जम्मू और श्रीनगर में कोचिंग शुरू होगी।
इसका उद्देश्य जरूरी जानकारियां छात्रों को उपलब्ध करवाना है। इससे वे अपने भविष्य में सफल हो सकेंगे। सचिव डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी ने बताया कि इससे जनजातीय छात्रों को लाभ मिलेगा। मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता ने कहा कि जनजातीय कल्याण के लिए शीर्ष कार्यकारी समिति के अध्यक्ष के रूप में जनजातीय शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया है। स्टार्स-100 योजना के तहत जनजातीय समुदायों के वंचित और कमजोर वर्गों के स्नातक छात्रों का चयन ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से किया जाएगा।
विभाग द्वारा कोचिंग सहायता पैनलबद्ध कोचिंग संस्थानों के माध्यम से दी जाएगी। विभाग ने पैनल में शामिल संस्थानों में कोचिंग की गुणवत्ता के नियमित मूल्यांकन और निगरानी के लिए एक तंत्र भी तैयार किया है। योजना को अगस्त 2021 में स्थापित जनजातीय अनुसंधान संस्थान के शिक्षा विंग के माध्यम से लागू किया जाएगा।