पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बुधवार को इवनिंग फ्लाइट शुरू की गई हैं। निजी हवाई सेवा देने वाली कंपनी गो एयर की ओर से रोजाना शाम 6:40 बजे से श्रीनगर से नई दिल्ली के लिए फ्लाइट रवाना होगी। इस दौरान फ्लाइट के उद्घाटन पर पहुंची मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि कश्मीर को हवाई सेवा से दुनिया के अन्य शहरों से जोड़ने पर शीघ्र काम किया जाएगा।
गो एयर की ओर से रोजाना श्रीनगर एयरपोर्ट से छह फ्लाइट भेजी जाएंगी। इसमें चार श्रीनगर से दिल्ली और दो श्रीनगर से मुंबई सेक्टर के लिए फ्लाइट भेजी जाएंगी। श्रीनगर एयरपोर्ट से सुबह 6 से रात 7 बजे तक रोजाना 34 फ्लाइट उड़ती हैं।
मुख्यमंत्री ने गो एयर के सीईओ से दोपहर बाद श्रीनगर और जम्मू के बीच फ्लाइट चलाने पर जोर दिया, ताकि सरकारी अधिकारी आवाजाही कर सकें। राज्य सरकार एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया और इंडियन एयर फोर्स से आग्रह करेगी कि श्रीनगर एयरपोर्ट से रात 10 बजे तक फ्लाइट उड़ाने की अनुमति दी जाए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।