रियासत में मौसम का मिजाज रविवार को फिर बिगड़ा। घाटी में जोरदार बारिश हुई। कुलगाम जिले के नंदीमर्ग में बादल फटने से कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, जानी नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन मलबे में कुछ के फंसे होने की आशंका में देर रात तक बचाव आपरेशन चलता रहा।
पहलगाम, गुलमर्ग तथा टंगधार में भारी बारिश हुई। इस बीच, खराब मौसम के कारण बंद श्रीनगर-बालटाल मार्ग तीन दिन बाद रविवार को बहाल हो गया। इस मार्ग से अमरनाथ यात्रियों को सोमवार से दर्शन के लिए रवाना किया जाएगा।
श्रीनगर-बालटाल मार्ग शुरू होने पर पुलिस प्रशासन ने बालटाल में फंसे अमरनाथ श्रद्धालुओं के वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर निकाला। कश्मीर संभाग के आईजी जे एम जिलानी ने बताया कि दोपहर बाद मार्ग दुरुस्त कर लिया गया।
बालटाल के लिए श्रीनगर पहुंचे कुछ जत्थों को भी प्रशासन ने रवाना किया है। रविवार को पवित्र गुफा में कुल 5,829 श्रद्धालुओं ने ही हिम शिवलिंग के दर्शन किए। जो अब तक की यात्रा में एक दिन में सबसे कम संख्या है।
रामबन के पास पस्सियां गिरने से सुबह सवा पांच बजे से सुबह साढे़ 11 बजे तक हाईवे बंद रहा। बाद में पस्सियां हटाकर अमरनाथ यात्रियों के तथा अन्य वाहनों को निकाला गया।