कश्मीर में एक बार फिर सेना के सर्च ऑपरेशन के दौरान हिंसक प्रदर्शन की घटना होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक आतंकियों की मौजूदगी की खबर के बाद सेना के सर्च ऑपरेशन के दौरान दक्षिण कश्मीर में हिंसक प्रदर्शन हुए हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सेना को अनंतनाग जिले के पहलगाम में कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सेना की राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
इस तलाशी अभियान के दौरान ही इलाके में व्यापक हिंसक प्रदर्शन होने की बात सामने आई है जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा आंसू गैस के गोले दागे गए हैं। जानकारी के अनुसार इलाके में तनाव के माहौल को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती भी की गई है।