पाकिस्तान ने एकबार फिर नापाक हरकत करते हुए मंगलवार को 17 अग्रिम भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए जमकर गोलाबारी की। सुबह 5.40 से ही हुई गोलाबारी से अंतरराष्ट्रीय सीमा एक बार फिर धमाकों से गूंज उठी।
पाक गोलाबारी में एक नागरिक की मौत हो गई, जबकि सीमा सुरक्षा बल के एक जवान सहित दो लोग जख्मी हो गए। इसके बाद बीएसएफ ने भी पाक को करारा जवाब दिया। घायलों को जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल में भर्ती करवाया गया है। यहां उनकी हालत में सुधार है।
बीएसएफ प्रवक्ता के अनुसार पाकिस्तानी रेंजरों ने सुबह लगभग 5.40 बजे काना चक्क और परगवाल सेक्टर में अग्रिम चौकियों पर छोटे हथियारों व मोर्टार दागे। उन्होंने इस सेक्टर की 12 चौकियों को निशाना बनाया, जबकि सुबह 10.30 बजे के बाद आरएस पुरा सेक्टर की पांच चौकियों पर भी गोलाबारी की।
इससे काना चक और परगवाल क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान गडखाल, हमीरपुर, महंत भट्टी, निकवाल, वेला जेमना, चक्क फगवड़ी, देवरा, ब्राह्मना बेला क्षेत्र में पाक ने गोले बरसाए।