उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिला में सेना तथा आतंकियों के बीच शनिवार की रात हुई फायरिंग के दौरान क्रास फायरिंग में एक नागरिक की मौत हो गई। इससे नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सुरक्षा बलों पर पथराव के बाद हिंसा भड़क उठी।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेना भी अपने स्तर पर जांच कर रही है। श्रीनगर में 15वीं कोर के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि इलाके के ठंडीपोरा गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सेना ने घात लगाया था।
इस दौरान गांव में एक नाला के पास तीन लोगों की संदिग्ध हलचल देखी गई। इन्हें ललकारा गया तो आतंकियों ने एंबुश पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पार्टी ने भी इसका जवाब दिया। इस दौरान क्रास फायरिंग में आसिफ इकबाल भट नामक व्यक्ति की मौत हो गई।
मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कुपवाड़ा जिला के ठंडीपोरा में फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ था। उसे इलाज के लिए श्रीनगर अस्पताल में भेजा गया जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को परिवार को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। बताते हैं कि आसिफ सूमो ड्राइवर था। सेना की फायरिंग में नागरिक की मौत की खबर मिलते ही सुबह लोग सड़कों पर उतर आए। उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।