चिनैनी। नाशरी के पास दो वाहनों में टक्कर हो जाने के कारण शनिवार को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दिनभर यातायात व्यवस्था चरमराई रही। जाम लगा रहा, जिससे यात्री बेहाल रहे। जाम की लाइन काफी लंबी हो जाने के कारण जब हाईवे को खुला तो टनल के अंदर वाहनों की टक्कर हो गई, जिससे जाम और लंबा खिंच गया।
शनिवार को हाईवे के नाशरी के पास दो वाहनों की टक्कर हो गई, जिससे दोनों ओर मार्ग बंद हो गया। देखते ही देखते चिनैनी से समरोली तक वाहनों की लाइन लग गई। छोटे वाहनों के कारण हाईवे पर गाड़ियों की लाईनें तीन हो गईं। नाशरी में वाहनों की टक्कर के कारण घंटों जाम की स्थिति रही।
जबकि उसके बाद चिनैनी-नाशरी टनल के अंदर वाहनों की टक्कर हो गई, जिसके बाद फिर से जाम की लाइन लंबी लगने लगी। जाम के कारण आम यात्री काफी परेशान दिखे। उन्हें 12 से 15 किलोमीटर का सफर करने में भी पांच-छह घंटे लग गए। चिनैनी से उधमपुर तक लगे जाम के चलते लोकल वाहन भी अपने गंतव्य तक समय पर नहीं पहुंच पाए।