जीओसी इन सी उत्तरी कमान लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा
- फोटो : FILE PHOTO
सेना की उत्तरी कमान के मुताबिक भारत ने चीन को पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में अपनी गतिविधियां रोकने को कहा है। गौरतलब है कि पीओके में चीन कई हाइडल प्रोजेक्ट, सड़क आदि का निर्माण कार्य चला रहा है।
उत्तरी कमान के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि कुछ ऐसी रिपोर्ट हैं कि पिछले कई वर्षों से चीन ने पीओके में अपनी गतिविधियां बढ़ाईं हैं। चीन के कार्यों पर सरकार ने चिंता जताई है और इस तरह की गतिविधियां रोकने के लिए भी कहा है। सियाचिन भारत के लिए चुनौतीपूर्ण रणक्षेत्र है।
हालांकि, जम्मू-कश्मीर में इस साल चीन के जवानों की कोई घुसपैठ नहीं है, लेकिन बार्डर पर जमीन के अधिकार क्षेत्र को लेकर विवाद चल रहा है। भारत ने पीओके में चीन द्वारा बनाए जा रहे इकोनामिक कारिडोर पर भी अपना विरोध जताया है।
पिछले वर्ष जीओसी इन सी उत्तरी कमान लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा ने चीन के दौरे से लौटने के बाद कहा था कि चीन से भूमि विवाद पर चर्चा हुई है। इसे दोनों देश मिल जुलकर सुलझाएंगे। पीओके में चल रहीं चीन की गतिविधियों पर संसद में भी सवाल उठा है।
रक्षा मंत्री ने संसद में इस बात को लेकर अपना लिखित जवाब पेश किया है। सैन्य प्रवक्ता के अनुसार सियाचिन में इस साल 14 जवानों की मौत हो चुकी है। जवान प्राकृतिक आपदा के कारण शहीद हुए हैं। वर्ष 2013 में 10, 2014 में 8, 2015 में 9 मौतें हुईं थीं। पीओके और चीन के बीच फंसे सियाचिन के साथ बढ़ रहीं गतिविधियां भारत के लिए चिंता का विषय हैं।