चीन द्वारा पाकिस्तानी सेना को प्रशिक्षण मुहैया कराने की खबरों के बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजीजू ने रविवार को कहा कि भारत ने चीन को अपनी ‘चिंताओं’ से अवगत कराने के साथ ही उससे कहा है कि वह पाकिस्तान की भारत के खिलाफ निर्देशित गतिविधियों का समर्थन नहीं करे।
रिजीजू ने कहा, ‘विदेश मंत्रालय ने चीनी पक्ष को अपनी चिंताओं से पहले ही अवगत करा दिया है और उससे कहा है कि उसे पाकिस्तान की भारत विरोधी गतिविधियों का समर्थन नहीं करना चाहिए।’
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा हाल में सौंपी गई एक गुप्तचर रिपोर्ट में कहा गया है कि चीनी सैनिकों को जम्मू कश्मीर के राजोरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के दूसरी ओर पाकिस्तानी सैन्यकर्मियों को ‘हथियार संचालन तकनीकों’ का प्रशिक्षण मुहैया कराते देखा गया है। राजोरी सेक्टर में बीएसएफ ही तैनात है।