कश्मीर घाटी में एक सप्ताह से मौसम सुहाना है। सूर्य देवता इस बार घाटी पर काफी मेहरबान हो रहे हैं। दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है, लेकिन रात में ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार घाटी में मंगलवार देर रात से मौसम में बदलाव आना शुरू हो जाएगा। अगले करीब चार दिनों तक पश्चिमी दबाव के कारण घाटी में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
श्रीनगर समेत घाटी के अन्य इलाकों की बात करें तो सोमवार को भी मौसम सुहाना रहा। सुबह होते ही काफी अच्छी धूप खिली। स्थानीय लोगों के अनुसार रोजाना की धूप के चलते चिल्ले कलां का असर फीका पड़ता दिख रहा है।
चिल्ले कलां के दौरान मौसम जैसा होना चाहिए वैसा नहीं है। हालांकि, शाम ढलते ही तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है।
श्रीनगर का अधिकतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस ऊपर था, जबकि न्यूनतम तापमान माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।