जम्मू। जिले में नाबालिग के साथ यौन अपराध के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सबसे खौफनाक और चिंताजनक पहलू यह है कि जघन अपराध को अंजाम देने वाले अपने थे। हाल ही के महीने में अलग-अलग थानों में दर्ज हुई एफआईआर कड़वी सच्चाई से पर्दा उठा रही है। मामलों पर नजर डालें तो तीन साल की बच्ची से लेकर स्कूल जाने वाली छात्राएं अपराधियों के निशाने पर रहीं। घटनाओं ने न केवल कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक जागरूकता और पारिवारिक सतर्कता पर भी बहस छेड़ दी है।
अपराधी बच्चों की नासमझी और पारिवारिक भरोसे का फायदा उठा रहे हैं। नाबालिग की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिस सौतेले पिता पर थी, उसी ने दरिंदगी कर दी। इस तरह ग्रामीण इलाके में आठवीं कक्षा की छात्रा को न सिर्फ हवस का शिकार बनाया बल्कि उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। बिश्नाह में गलियों में घूमने वाले और बच्चों से सीधे संपर्क में आने वाले कुल्फी विक्रेता ने हवस मिटाने की कोशिश की।
-
बच्चों की बात को अनसुना न करें अभिभावक
मनोवैज्ञानिक डॉ. प्रो. आरती बख्शी के अनुसार बच्चे सबसे आसान शिकार होते हैं। पहले भी वारदात होती थी लेकिन सामने नहीं आती थी। बच्चों के साथ गंभीर अपराध उनके हावभाव से पता चलता था। कई मामलों में माता-पिता भी बच्चों की बात को अनसुना कर लेते है। ऐसे में बच्चे आसानी से बात नहीं कहते हैं। आज के समय में माता-पिता को अधिक सावधानी दिखानी होगी। बच्चों के व्यवहार में आने वाले बदलाव जैसे गुमसुम होना, किसी खास व्यक्ति से दूरी बनाना या बिना वजह डरने के प्रति गंभीर होना होगा। बचपन से ही गुड और बैड टच की शिक्षा देना और घर में ऐसा माहौल बनाना होगा ताकि वे बिना किसी हिचकिचाहट के बात साझा कर सकें।
दुष्कर्म के इस साल अब तक मामले
14 फरवरी 2026 (बिश्नाह थाना क्षेत्र): तीन साल की बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म।
28 फरवरी 2026 (पौनीचक थाना क्षेत्र) : आठवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के बाद आपत्तिजनक वीडियो बनाई।
08 जून 2026 (सिद्दड़ा थाना क्षेत्र): नाबालिग के साथ सौतेले पिता ने किया दुष्कर्म। मां की शिकायत पर मामला दर्ज।
11 जून 2026 (कठुआ थाना क्षेत्र): नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया।
14 जून 2026 (बिश्नाह थाना क्षेत्र) : 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश। आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला कुल्फी विक्रेता।