दो अप्रैल को चिनैनी-नाशरी टनल के उद्घाटन के लिए आ रहे प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। पीएम का हेेलीकाप्टर कहां लैंड करेगा और उनका काफिला किस रास्ते से गुजरेगा, सबको लेकर वीरवार को भी उच्च अधिकारियों के दौरे हुए।
वीरवार दोपहर को चिनैनी के दौरे पर मुख्य सचिव बीआर शर्मा पहुंचे। उनके साथ रियासत के डीजीपी एसपी वैद, एडीजीपी दिलबाग सिंह, आईजी, डीआईजी, एसएसपी स्तर के अधिकारी व डीसी उधमपुर व डीसी रामबन भी मौजूद थे। मुख्य सचिव ने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेलीकाप्टर के लैंडिग स्थल का जायजा लिया।
मुख्य सचिव ने मौके का जायजा लेकर अधिकारियों को कई निर्देश भी दिए, साथ ही सड़क पर तारकोल डालने का कार्य जल्द पूरा करने के भी निर्देश दिए। शुक्रवार को एयरफोर्स के अधिकारियों को मौके पर लाकर उन्हें यह स्थल दिखाने को कहा। उसके बाद मुख्य सचिव उद्घाटन स्थल पर भी पहुंचे और वहां का भी जायजा लिया। नाशरी तक का दौरा कर उन्होंने अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश भी दिए। मुख्य सचिव करीब दो घंटे तक चिनैनी में रहे।