केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर, लद्दाख हाईकोर्ट की मुख्य विंग सोमवार से जम्मू में शुरू हो गई है। मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल उच्च न्यायालय पहुंची। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार संजय डार, मुख्य न्यायाधीश के मुख्य सचिव जावेद अहमद सहित उच्च न्यायालय के कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। न्यायाधीश गीता मित्तल अधिकारियों से मुलाकात की और उनके कामकाज की जानकारी ली।
दरबार के पहले दिन जम्मू में सोमवार को उपराज्यपाल से मिलने कई पुलिस अधिकारी पहुंचे। जेल विभाग के डीजीपी वीके सिंह उनसे मिलने पहुंचे। दोनों के बीच जेल विभाग को लेकर बातचीत हुई। जेलों में कैदियों के लिए सुविधाओं पर चर्चा की गई। मौजूदा जेलों की व्यवस्था और सुरक्षा पर मंथन किया गया। जेलों में बंद कैदियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
उपराज्यपाल ने जेलों की सुरक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसकी सुरक्षा और मजबूत करें। ताकि जेलें अच्छी तरह से चलें। वहीं गृह विभाग के सचिव शालीन काबरा भी उपराज्यपाल से मिले। दोनों के बीच कानून व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा पर चर्चा हुई। उपराज्यपाल ने काबरा से कहा कि स्थायी तौर पर सुरक्षा को देखें। ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में कोई दिक्कत पेश न आए।