चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू ने अन्य बैंकों की तुलना में जम्मू-कश्मीर बैंक द्वारा अधिक ब्याज दरें लेने का मुद्दा उठाया है। चैंबर के पदाधिकारियों ने उपप्रधान अनिल गुप्ता के नेतृत्व में रेल हेड कांप्लेक्स जम्मू स्थित जेएंडके बैंक के कार्यकारी प्रधान अरुण गंडोत्रा से मुलाकात कर ब्याज दरों में बढ़ोतरी पर चर्चा की।
अनिल गुप्ता ने कहा कि जेएंडके बैंक को अन्य बैंकों की तर्ज पर अपनी ब्याज दरों को बराबर में लाना चाहिए। बैंक सीमा के वार्षिक नवीनीकरण के शुल्क महंगे हैं। लिहाजा जेएंडके बैंक नवीनीकरण की अवधि को प्रत्येक वर्ष के स्थान पर तीन वर्ष के लिए करे। जेएंडके बैंक अपने खाताधारकों से चेक बुक और अन्य लेनदेन शुल्क प्राप्त करने के लिए शुल्क काट रहा है, जबकि अन्य बैंकों में ऐसी व्यवस्था नहीं है।
कोविड महामारी के दौरान औद्योगिक गतिविधियां और बाजार बंद रहे। इससे एनपीए खाताधारकों के संचित ब्याज की एकमुश्त छूट के साथ खातों को बहाल किया जाए। सरकार ने व्यापार क्षेत्र के लिए भी एमएसएमई लाभों की घोषणा की है, लेकिन जम्मू-कश्मीर बैंक अपने ग्राहकों को इस तरह के लाभ नहीं दे रहा है और इस पर गौर किया जाए। उद्यम पोर्टल से एमएसएमई पंजीकरण के लिए जम्मू-कश्मीर बैंक शाखाओं में कुछ विशेष काउंटर स्थापित किए जाएं।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: कोविड की तीसरी लहर से निपटने की तैयारी, प्रदेश में 31 अगस्त तक 84 प्लांट लगाने का लक्ष्य
खातों का नियमों के तहत संचालन कर रहे खाताधारकों को प्रोत्साहन किया जाए। चैंबर ने हवाई अड्डों पर मुफ्त लाग सुविधा के साथ ग्राहकों के क्रेडिट और डेबिट कार्ड के उन्नयन की मांग की। कार्यकारी प्रधान गंडोत्रा ने आश्वासन दिया कि चैंबर की जायज मांगों पर गौर किया जाएगा। इस दौरान चैंबर पदाधिकारियों में राजीव गुप्ता, सचिव राजेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता मौजूद रहे।