जम्मू। कारोना संक्रमण के बढ़ने के बाद पुलिस की सख्ती जारी है। वीरवार को विभिन्न चौक चौराहों और बाजारों से बिना मास्क के गुजर रहे लोगाें के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान तीन सौ से ज्यादा लोगों के चालान काटे गए। इसके साथ ही साठ हजार रुपये के आसपास जुर्माना वसूला है। मेटाडोर और पैदल राहगीरों पर पैनी नजर रखी गई।
मेटाडोर में सवारियों को चेक किया गया। ओवरलोडिंग पर बसों को रोका गया। परिचालकों को कम सवारियां बिठाने को कहा गया। ज्यूल चौक में बाजार आए बिना मास्क लोगों को रोका गया और चालान काटे गए। पुराने शहर, ज्यूल चौक, डोगरा बाजार, गांधी नगर, शास्त्री नगर समेत अन्य बाजारों में सख्ती रही। हालांकि लोग इसका विरोध करते रहे मगर पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी। कुछ जगहों में ढाबों और रेस्टोरेंट की भी जांच की गई। यहां पर कोविड नियमों की पालना करने के लिए कहा गया है। दुकानदारों को भी सामान मास्क पहनकर आने वाले लोगों को देने का आग्रह किया है। लोहड़ी पर्व के चलते जल्दी के चक्कर में भी मेटाडोर में भीड़ बढ़ती रही।