भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
- फोटो : File Photo
एलओसी पर पाकिस्तान की नापाक हरकत रविवार को दूसरे दिन भी जारी रही। पुंछ के बाद पाक ने राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में भारतीय चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की। इसमें एक जवान घायल हो गया। कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। मवेशियों की भी मौत हुई है। गोलाबारी का भारतीय सेना ने कड़ा जवाब दिया है। गोलों की आवाज नौशेरा शहर तक सुनी गई।
रविवार सुबह 5:20 बजे पाक ने सीजफायर का उल्लंघन किया। इस दौरान कलसिया बटालियन (8 सिखलाई) फेंसिंग के पास तैनात 63 आरआर के जवान मनोज कुमार के पास मोर्टार शेल का गोला फटा, जिसके टुकड़े उसके पैर में लगने से वह घायल हो गया। इंद्र प्रकाश निवासी गनया के घर के पास भी गोला गिरा। इससे तीन मवेशियों की मौत और एक के घायल होने की खबर है। इसी क्षेत्र में धर्म सिंह के दो मवेशी घायल हो गए।
दोपहर के समय सवा एक बजे पाक गोलाबारी थमी। शाम साढ़े पांच बजे एक बार फिर पाक सेना ने गोलाबारी शुरू कर दी। इस दौरान बाबा खोड़ी, कलसिया, मानपुर, भजनोवा, डनका, गनया के रियाइशी इलाकों में मोर्टार के गोले दागे। सूत्रों का कहना है कि पाक गोलाबारी की आड़ में आतंकियों को भारतीय सीमा में धकेलने की फिराक में है।
गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व पाक सेना ने पुंछ के करमाडा सेक्टर के चक्का द बाग में बैट हमला कर भारतीय सेना के दो जवान शहीद कर दिए थे। एक जवान घायल भी हो गया था। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया था।