जम्मू। महाराजा हरि सिंह की जयंती पर सरकार अवकाश घोषित होने के बाद प्रदेशवासियों में खुशी का माहौल है। जयंती पर 23 सितंबर को विभिन्न संगठन से धूमधाम से मनाने की तैयारी कर रहे हैं। युवा राजपूत सभा जहां तवी पुल स्थित प्रतिमा स्थल पर ढोल की थाप के साथ बड़ा कार्यक्रम कर समर्थन के लिए लोगों का आभार जताएगी। वहीं, डोगरा सदर सभा सामाजिक न्याय दिवस मनाएगी। श्री अमर क्षत्रिय राजपूत सभा जम्मू के साथ सांबा में रैली निकालेगी।
युवा राजपूत सभा के उपाध्यक्ष मंदीप सिंह चिब ने बताया कि महाराजा की जयंती पर ढोल बजाकर तवी पुल स्थित प्रतिमा के पास फिर से जश्न मनाने की तैयारी है। इसके लिए सभी बिरादरियों के लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया जाएगा। अवकाश मिलने पर सभी का आभार जताना होगा। यह सभी के समर्थन से ही संभव हुआ है। लंबे संघर्ष के बाद अवकाश घोषित होना गौरव की बात है। इस अवसर पर बन तालाब से हाथी-घोड़ों संग रैली निकाली जाएगी।
ऑल एससी, एसटी और ओबीसी कंफेडरेशन के अध्यक्ष आरके कलसोत्रा ने कहा कि महाराजा ने दलितों के लिए मंदिरों के द्वार खोले थे। प्राथमिक शिक्षा को भी अनिवार्य किया था। उन्होंने राउंड टेबल कांफ्रेंस में हिस्सा लिया और राष्ट्रवाद की बात की थी। इसलिए उनके द्वारा शुरू की गई पहलों को आगे बढ़ाया जाए।
कार्यक्रम कर जताया जाएगा सरकार का आभार
डोगरा सदर सभा के अध्यक्ष गुलचैन सिंह चाढ़क ने कहा कि महाराजा की जयंती पर सामाजिक न्याय दिवस मनाया जाएगा। धूमधाम से कार्यक्रम होगा। इसमें प्रदेश सरकार का भी आभार जताया जाएगा। सरकार ने उचित कदम उठाया गया है। यह किसी एक वर्ग विशेष की मांग नहीं बल्कि प्रदेशवासियों की मांग थी। महाराजा के साथ लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। महाराजा के इतिहास से संबंधित पाठ्यक्रम स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शुरू करना चाहिए। उस समय की धरोहरों को बचाने की जरूरत है।