उड़ी में दो दिन पहले हुए आतंकी के बाद आज फिर पाकिस्तान ने अपना नापाक चेहरा सामने ला दिया । पाकिस्तान ने मंगलवार दोपहर सीजफायर का उल्लंघन करते हुए सीमा पार से फायरिंग की है जिसका वहां मौजूद सेना के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया है ।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उड़ी में एलओसी के उस पार से फायरिंग हुई है । सूत्रों के मुताबिक एलओसी के दोनो ओर से हुई ये फायरिंग करीब 30 मिनट तक चली है ।
आधिकारिक तौर पर अभी तक इस फायरिंग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है । सेना के जवानों ने सीजफायर के उल्लंघन की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी है ।
#FLASH Ceasefire violation in Uri (J&K), more details awaited.
— ANI (@ANI_news) September 20, 2016
दो दिन पहले आतंकियों ने किया था हमला
uri
- फोटो : PTI
गौरतलब है कि उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी में सेना के 12 ब्रिगेड मुख्यालय पर जैश-ए-मोहम्मद के फिदायीन हमले में 18 जवान शहीद हो गए थेे । 18 जवान गंभीर रूप से जख्मी हैं। हमला सुबह लगभग चार बजे हुआ। सेना ने चार घंटे में ही चारों आतंकियों को मार गिराया। ये सभी पाकिस्तानी थे। उनके पास से पाकिस्तानी सामान भी बरामद हुआ है।
हमले के बाद बयान देते हुए सेना के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने कहा था कि भारतीय सेना ऐसे आतंकी हमलों का जवाब देने में सक्षम है और सही वक्त आने पर अपने तरीके से जवाब देगी । वहीं सारे देश में भी हमले के बाद से पाकिस्तान और आतंकियों के विरोध में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं ।
उड़ी में हुए आतंकी हमले के बाद से ही सारे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं । सीमा से सटे इलाकों में सेना की ओर से चौकसी बढ़ा दी गई है ।
उड़ी में मौजूद है एनआईए की टीम
uri
- फोटो : PTI
उड़ी में दो दिन पहले हुए इस हमले के बाद एनआईए की टीम पहुंच चुकी है । एनआईए की टीम ने आतंकी हमले की जगह का मुआयना करते हुए कई सबूत इकठ्ठा किए हैं जिन्हें जांच के लिए ले जाया गया है ।
उड़ी हमले के बाद दिल्ली में चल रही हाईलेवल मीटिंगों के बीच भारत सरकार के गृह सचिव भी आज श्रीनगर पहुंचे हैं । गृह सचिव के भी उड़ी जाने की संभावना जताई जा रही है लेकिन अब तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है ।