उड़ी हमले के बाद दिल्ली में चल रही हाईलेवल मीटिंगों के बीच भारत सरकार के गृह सचिव आज श्रीनगर पहुंचे हैं । श्रीनगर पहुंचे राजीव महर्षि नें दोपहर में जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से मुलाकात की । सूत्रों के मुताबिक गृह सचिव ने महबूबा से उड़ी हमले, कश्मीर हिंसा और घाटी के हालातों से संबंधित कई विषयों पर चर्चा की । इसके बाद गृह सचिव ने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा से भी मुलाकात की ।
गृह सचिव के उड़ी जाने की भी संभावना जताई जा रही है । गौरतलब है कि एनआईए की टीम पहले से ही उड़ी पहुंच चुकी है । एनआईए की टीम ने आतंकी हमले की जगह का मुआयना करते हुए कई सबूत इकठ्ठा किए हैं जिन्हें जांच के लिए ले जाया गया है ।