ज्यौड़ियां में पाकिस्तानी गोलाबारी से घायल पशुओं को देखता किसान परिवार।
ज्यौड़ियां। पाकिस्तानी सेना ने रविवार की रात को ज्यौड़ियां से सटे इलाकों में गोलाबारी की। गोलाबारी के कारण लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ी। दूसरी तरफ उनमें काफी दहशत का माहौल रहा। डर के मारे वह सुबह काफी देर तक घरों से बाहर भी नहीं निकले। वे आशंकित रहे कि कहीं पाकिस्तान गोलाबारी न कर दे, और उन्हें नुकसान उठाना पड़ जाए। पाकिस्तानी गोलाबारी से गांव बरडोह के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौ व्याप्त रहा।
अमर उजाला से बात करते हुए भाजयुमो के जिला महामंत्री सुरेश शर्मा ने बताया कि हमारा सरकार से अनुरोध है कि पाकिस्तान को करारा जवाब दिया जाए, जिसमें पाकिस्तानी सेना फिर कभी ऐसी हरकत न करे। वहीं सुरेश कुमार शर्मा, राजीव शर्मा, सोहन लाल, मोहन लाल आदि ने बताया कि उनके गांव बरडोह के जिन घरों को पाकिस्तानी गोलाबारी का ज्यादा खतरा है उनके घरों में अभी तक बंकर नहीं बने हैं। बकर बनाने के लिए हम प्रशासन से कई बार कह चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक बंकरों को बनाने के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है। पंचायत बरडोह की सरपंच मगों देवी ने बताया कि रविवार रात हुई गोलाबारी के धमाकों की आवाज से पंचायत के बच्चे काफी सहमे हुए हैं और हमारी प्रशासन से अपील है कि बरडोह कॉलोनी के सभी घरों में बंकर का निर्माण किया जाए।