पुंछ/हीरानगर। पाकिस्तानी सेना ने फिर अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर गोलाबारी की। सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। सेना और बीएसएफ ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
पाकिस्तान ने बुधवार को नियंत्रण रेखा पर पुंछ जिले के दिगवार, कीरनी और मालती सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों पर छोटे और बड़े हथियारों से गोलाबारी की। जानकारी के अनुसार गोलाबारी बुधवार सुबह 9.30 बजे शुरू हुई जो देर शाम खबर लिखे जाने तक जारी थी। इससे पहले मंगलवार रात पाकिस्तानी सेना ने बालाकोट में भी एक घंटा 40 मिनट तक गोले बरसाए थे। नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी से लोगों में दहशत है।
उधर हीरानगर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने मंगलवार रात 11:10 बजे बीके चक पोस्ट से गोलीबारी शुरू की जो बुधवार सुबह 4:10 बजे तक रुक-रुक कर जारी रही। इस दौरान पाकिस्तानी सैनिकों ने बीएसएफ की चांदवा पोस्ट को निशाना बनाया। किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। इससे पहले पाकिस्तान ने आईबी पर सोमवार रात करीब 11.45 बजे से मंगलवार सुबह तक गोलाबारी की थी। चांदवा पोस्ट को निशाना बनाते हुए 148 राउंड फायर किए थे।