पाकिस्तान की ओर से रविवार देर रात आतंकियों की घुसपैठ करवाने के इरादे से अरनियां और आरएस पुरा सेक्टर की 15 अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर फायरिंग की गई, जिसका भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
रविवार रात नौ बजे के आस पास पाकिस्तान की ओर से फायरिंग की गई। इसके जबाव में भारत ने फायरिंग की। इसके बाद पाक की ओर फायरिंग बंद कर दी गई।
सोमवार रात रात एक बजे एक बार फिर से पाक ने फायरिंग शुरु कर दी जो सुबह छह बजे तक जारी रही। इस दौरान पाक ने लगभग बीएसएफ की 20 चौकियों को निशाना बनाया। यह पाकिस्तान की और से इस साल का सबसे बड़ा सीजफायर का उल्लंघन माना जा रहा है।
वहीं, शनिवार देर रात एक बजकर 55 मिनट पर पाकिस्तान के चारबां सेक्टर से अरनियां सेक्टर की अग्रिम भारतीय चौकी टेंटगार्ड को निशाना बनाकर फायरिंग की गई थी।
अपने बंकरों में जा छुपे पाकिस्तानी रेंजर्स
टेंटगार्ड पोस्ट पर तैनात जवानों की ओर से इसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया, जिसके चलते दस मिनट में ही पाक रेंजर्स के पांव उखड़ने लगे। इसके बाद टेंटगार्ड पोस्ट से करीब करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अग्रिम भारतीय चौकी पीतल पोस्ट को पाकिस्तानी रेंजर्स ने निशाना बनाया।
पाकिस्तान के जरवाल सेक्टर से की जा रही गोलाबारी का पीतल पोस्ट पर तैनात जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।
इस पोस्ट पर तैनात जवान पहले ही सतर्क हो गए थे, इसलिए यहां भी पाक रेंजर्स को मुंह की खानी पड़ी। तड़के तीन बजे तक पाकिस्तानी रेंजर्स के हौसले पस्त होने लगे और वे अपने बंकरों में जा छुपे।
अरनियां से मिला करारा जवाब
अरनियां में करारा जवाब मिलने के बाद पाकिस्तानी रेंजर्स ने आरएस पुरा सेक्टर की ओर रुख किया। पाकिस्तानी रेंजर्स की ओर से रविवार तड़के 3 बजकर 15 मिनट पर गोलाबारी शुरू की गई, जो 6.35 तक चली।
पाकिस्तानी रेंजर्स ने आरएस सेक्टर की अब्दुल्लियां, कोरोटना और ट्यूबवेल नंबर पांच अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर गोलियां बरसाईं और गोले भी दागे।
आरएस पुरा सेक्टर के गांव कोराटाना में लोगों के घरों की दीवारों पर भी गोलियां लगी हैं। सीमांत गांव अब्दुल्लियां में ग्रामीण रतनलाल का मवेशियों के लिए बनाए गए शेड गोलियों से क्षतिग्रस्त हो गया। गांव के वीरूराम, नथाराम के घरों की छतों पर भी गोलियां गिरी हैं।