नए साल के पहले दिन भी पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आया। रविवार सुबह पाकिस्तान ने पुंछ सेक्टर में एलओसी पर भारी गोलाबारी की।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने सुबह 10 बजे के करीब पुंछ जिले के शाहपुर सेक्टर में मोर्टार दागे। इस दौरान आटोमैटिक हथियारों से भारतीय पोस्ट शेर और शक्ति को निशाना बनाया। भारतीय सेना और बीएसएफ के जवानों ने पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया।
गौरतलब है कि पुंछ के गुलपुर सेक्टर के खड़ी एवं करमाड़ा क्षेत्र में पाक सेना ने वीरवार को सुबह गोलाबारी शुरू की गई थी, जिसमें भारतीय सेना का एक जवान घायल हो गया था।
उसके बाद शुक्रवार देर शाम पौने पांच बजे पाक सेना ने फिर खड़ी करमाड़ा के साथ दिगवार क्षेत्र में गोलाबारी शुरू की थी, जोकि देर रात तक जारी रही। इसमें गांव दिगवार में एक किशोर की मौत हो गई थी।