फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एलओसी पर पाक ने की भारी गोलाबारी, कई मकान क्षतिग्रस्त, 16 मवेशियों की मौत, स्कूल बीच में हुए बंद

Sat, 21 Sep 2019 08:10 PM IST
Pranjal Dixit न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
एलओसी - फोटो : फाइल, अमर उजाला
विज्ञापन
पाकिस्तान ने एक बार फिर पुंछ व राजोरी जिले में एलओसी पर अग्रिम चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए शनिवार को भारी गोलाबारी की। इसमें कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। 16 मवेशियों की मौत हो गई। सीमा पार से अचानक शुरू हुई भीषण गोलाबारी के कारण अधिकारियों को पुंछ जिले में आधा दर्जन सरकारी स्कूलों में कक्षाएं रोकनी पड़ीं। 
विज्ञापन


रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान ने राजोरी के नौशेरा सेक्टर, मेंढर के बालाकोट इलाके और पुंछ जिले के शाहपुर और केरनी सेक्टर में बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। इससे पहले पाकिस्तान ने शुक्रवार रात आठ से 10 बजे के बीच नौशेरा, रात करीब पौने बारह बजे से देर रात दो बजे के बीच बालाकोट में छोटे हथियारों से गोलीबारी की और गोले दागे। 

शनिवार सुबह करीब पौने दस बजे पाकिस्तान ने एक बार फिर पुंछ जिले में शाहपुर और केरनी सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पुंछ के उपायुक्त राहुल यादव ने बताया कि बालाकोट इलाके में रातभर हुई पाकिस्तानी गोलाबारी में 16 मवेशी मारे गए हैं। शनिवार को एहतियातन चार स्कूलों की कक्षाओं को निलंबित कर दिया क्योंकि स्कूल परिसर में जिंदा मोर्टार होने का संदेह था।
विज्ञापन


गोलाबारी और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर शाहपुर में भी कई स्कूलों को बंद किया गया है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। आवासीय इलाकों पर भीषण गोलाबारी के कारण सीमावर्ती गांवों में तनाव की स्थिति है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपनी सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है। 

इस साल दो हजार से अधिक बार गोलाबारी
अधिकारियों के अनुसार इस साल अभी तक पाकिस्तान ने 2050 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है, जिसमें 21 भारतीय मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। भारत ने लगातार पाकिस्तान से कहा है कि वह अपने बलों से 2003 संघर्ष विराम समझौते का पालन करने और नियंत्रण रेखा तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए कहे।
विज्ञापन

आईबी पर हीरानगर सेक्टर में फिर बरसाए गोले

पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर हीरानगर सेक्टर में शुक्रवार रात को भी गोलाबारी कर बांध निर्माण कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। शुक्रवार रात पौने 10 से साढ़े 11 बजे तक गोलाबारी की गई। लगभग पौने दो घंटे तक हुई गोलाबारी में हीरानगर सेक्टर की सतपाल पोस्ट के नजदीक मशीनों को निशाना बनाने की कोशिश की गई।

पाकिस्तान की भीखाचक पास्ट से 22 मोर्टार दागे गए, जो सतपाल पोस्ट के नजदीक खेतों और झाड़ियों में गिरे। एहतियातन बांध बनाने के काम को बंद करवा दिया गया है। बीएसएफ की ओर से किसी भी तरह की जवाबी कार्रवाई नहीं की गई है।

उधर, शुक्रवार को हुई गोलाबारी से ग्रामीण फिर दहशत में आ गए हैं। हीरानगर सेक्टर के आईबी से फ्रंट लाइन के पांच सरकारी स्कूल प्रशासन के निर्देश के बाद शनिवार को भी बंद रहे। गत मंगलवार से ही हीरानगर सेक्टर में चल रहे काम को बंद करवाने के लिए पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। मई महीने से ही काम बंद करवाने को लेकर पाकिस्तान आए दिन गोलाबारी का सिलसिला जारी रखे हुए है।

मई-जून में 12 बार की गोलाबारी
मई और जून माह में 12 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर बांध बनाने का काम बंद करवा दिया गया। सितंबर के दूसरे पखवाड़े के अंत में मनियारी और सतपाल बार्डर आउट पोस्ट के बीच बांध बनाने का काम शुरू हुआ तो पाकिस्तान ने खलल डालना शुरू कर दिया। सूत्रों की मानें तो बांध का काम पूरा होने के बाद बीएसएफ की अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक मूवमेंट पर पाकिस्तान की नजर नहीं रहेगी, जिससे बौखलाए पाकिस्तानी रेंजर हर हाल में काम को पूरा नहीं होने देना चाहते हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें