पाक रेंजरो ने बुधवार को एक बार फिर युद्ध विराम का उल्लंघन कर पुंछ जिले के चक्का-दा-बाग और कृष्णा घाटी क्षेत्र में भारतीय चौकियों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में गोलाबारी की। रात नौ बजे बालाकोट और हमीरपुर में भी सीजफायर का उल्लंघन कर रेंजरों ने भारी गोलाबारी की।
बुधवार सुबह 7:15 बजे जिले के चक्का- दा- बाग और कृष्णा घाटी क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के उस पार तैनात पाक सेना की 36 पंजाब रेजीमेंट ने अपनी अग्रिम चौकियों मुमताज़, रोज़ा, बटल और रशीदा से भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों चाकू, मोर्टार पोजीन 29, परविंदर, टोपी को निशाना बनाते हुए पहले यूएमजी से गोलीबारी शुरू की और कुछ क्षणों के बाद में मोर्टार दागने शुरू कर दिए।
दर्जनों की संख्या में पाक सेना के गोले गांव अपर सलोत्री, गानी, बलनोई में आकर गिरे। पाक सेना की 655 मुजाहिदन रेजीमेंट ने अपनी अग्रिम चौकियों बेनजीर, कददू, डाकू और स्टेडियम से भारतीय सेना की 22सिख रेजीमेंट की अग्रिम चौकियों छज्जामान, रोशनी, घोड़ा और प्वाइंट 430 को निशाना बनाते हुए गोलाबारी शुरू की।
सुबह करीब 7:15बजे शुरू हुई गोलाबारी देर शाम तक जारी रही। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाक चौकियों पर जमकर गोले बरसाए। वहीं सूत्रों के अनुसार भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाक सेना की 36पंजाब रेजीमेंट का एक जवान और कई ग्रामीण मारे गए।