पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर एक बार फिर रविवार को लगातार दूसरे दिन भी गोले बरसाए गए। बालाकोट सेक्टर में की गई गोलाबारी में छह ग्रामीण घायल हुए हैं। सेना की जवाबी कार्रवाई में पीओके के निखियाल में एक महिला की मौत और तीन ग्रामीणों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। देर शाम तक गोलाबारी जारी थी। शनिवार को पाकिस्तान ने शाहपुर व कीरनी सेक्टर में गोले दागे थे।
रविवार दोपहर तीन बजे बालाकोट सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोले दागे जाने लगे। गोलाबारी के बीच तीन घायलों को राजोरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें गांव बरूती का 15 वर्षीय मोहम्मद इमरान, गांव संदोट में गुलजैद बी और मोतिया बी शामिल हैं। अन्य तीन को अस्पताल नहीं भेजा जा सका।
बीएमओ मेंढर डॉ. परवेज अहमद खान ने बताया कि फारवर्ड बालाकोट में एक जेसीबी मशीन के साथ मौजूद तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें गोलाबारी ज्यादा होने के चलते वहां से निकाला नहीं जा सका। बाकी तीन को राजोरी अस्पताल रेफर कर दिया है। क्रिटिकल केयर एंबुलेंस को घटना स्थल पर भेज दिया है।
इस साल 2000 बार सीजफायर उल्लंघन
इस साल पाकिस्तान ने अब तक 2000 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है। इसमें 21 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। एलओसी पर शांति तथा सौहार्द्र के लिए भारत की ओर से 2003 के सीजफायर का पालन करने के लिए लगातार पाकिस्तान से कहा जाता है।
बचाव दल को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है। गोलाबारी में तीन महिलाएं व एक बच्चा घायल हुआ है। सभी को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर है।- राहुल यादव, डीसी, पुंछ