मुख्य चुनाव अधिकारी शैलेंद्र कुमार
- फोटो : अमर उजाला
त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के तहत ब्लाक डेवलपमेंट काउंसिल (बीडीसी) चेयरपर्सन के चुनाव का मतदान जम्मू कश्मीर और लद्दाख में एक ही चरण में 24 अक्तूबर को होगा। पहली बार होने जा रहे बीडीसी चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना एक अक्तूबर को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तिथि नौ अक्तूबर को रहेगी।
नामांकन की जांच दस अक्तूबर तक होगी। नाम वापिस लेने की आखिरी तिथि 11 अक्तूबर को रहेगी और जरूरी हुआ तो 24 अक्तूबर को मतदान होगी और इसी दिन मतगणना भी होगी और नतीजे भी घोषित हो सकते है।
मुख्य चुनाव अधिकारी शैलेंद्र कुमार की ओर से रविवार को बीडीसी चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया गया। मतदान 24 अक्तूबर को सबह नौ से दोपहर एक बजे तक होगा। चुनाव शेड्यूल की घोषणा के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के पंचायत हल्कों और राजनीतिक पार्टियों, उम्मीदवारों और केंद्र व राज्य सरकार के विभागों के लिए चुनाव आचार संहिता भी लागू कर दी गई है।
कुल 316 ब्लाकों में से 310 में बीडीसी के चेयरपर्सन के चुनाव होंगे। चुनाव में कुल 26629 मतदाता रहेंगे। इनमें 18316 पुरुष और 8313 महिला मतदाता रहेगी। पार्टी आधार पर होने जा रहे चुनाव में प्रत्येक उम्मीदवार के लिए खर्च की समय सीमा दो लाख निर्धारित की गई है। 310 ब्लाकों में से 48 एसटी ओपन के लिए आरक्षित किए गए है। 21 एसटी महिलाओं के आरक्षित हैं और एससी ओपन के लिए 18 और एससी महिलाओं के लिए सात ब्लाक आरक्षित किए गए है।
मतदान में बैलट बाक्स का होगा प्रयोग
बीडीसी चेयरपर्सन के चुनाव में बैलट बाक्स का प्रयोग किया जाएगा और सीक्रेट बैलट के माध्यम से चुनाव होगा। इसके लिए जिला पंचायत चुनाव अधिकारियों को बैलट बाक्स उपलब्ध करवा दिए गए है।
310 मतदान केंद्र बनाए गए
मतदान के लिए प्रत्येक ब्लाक डेवलपमेंट काउंसिल में एक मतदान केंद्र बनाया गया है। चुनाव के दौरान जिला पंचायत चुनाव अधिकारी संवेदनशील मतदान केंद्रों की वीडियो ग्राफी करवाएंगे। उल्लेखनीय हैं कि 17 नवंबर 2018 से 11 दिसंबर 2018 तक नौ चरणों में राज्य में पंचायत चुनाव करवाया गया था। इसमें 26629 पंच और 3652 सरपंच चुने गए थे।