थानों में जाने वाले लोगों के साथ अब खाकी दुर्व्यवहार नहीं कर पाएगी। न ही हवालात में बंद कैदियों और आम लोगों पर पुलिस कर्मी अपना रौब दिखा पाएंगे। क्योंकि हर पल इन पर तीसरी आंख की नजर रहेगी। रियासत के हर थाने में पुलिस विभाग सीसीटीवी कैमरे लगाएगी।
इस साल इस पर काम शुरू होने की उम्मीद है। विभाग ने इसे लेकर होम वर्क शुरू कर दिया है। खाकी को बदनामी के दाग से बचाने की कवायद शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि इससे थानों में भ्रष्टाचार भी कम होगा।
‘अमर उजाला’ को विशेष बातचीत में पुलिस के एआईजी, प्रोविजन, अजाज ककरू ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि रियासत के हर थाने में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई गई है।
इसकी जानकारी पुलिस महानिदेशक को भी दी गई है। उन्होंने भी इसे लेकर गंभीरता दिखाई है। काफी लंबी प्रक्रिया है, लेकिन इस पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया जा रहा है।