स्कॉस्ट जम्मू में वेट फेस्ट का समापन, अंतिम दिन कैट शो का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। पशु चिकित्सा विज्ञान और पशुपालन स्कॉस्ट जम्मू में रविवार को तीन दिवसीय वार्षिक कॉलेज उत्सव वेट फेस्ट कैट शो के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान सहायक जिला आयुक्त जम्मू हरविंदर सिंह मुख्य अतिथि व डॉ. शाहनवाज और डॉ. वीएस वजीर विशेष अतिथि थे। कैट शो में ब्लैकी नामक बिल्ली के मालिक विजय तपोनो को पहला स्थान मिला। मुख्यातिथि ने उन्हें पुरस्कृत किया।
मुख्यातिथि ने कहा कि स्कॉस्ट जम्मू ने राज्य में पहली बार कैट शो का आयोजन किया था। इसमें बिल्लियों के बारे में लोगों को अधिक जानकारी दी गई। शहरों में कई लोग बिल्लियों को शौकिया तौर पर रखते हैं। लेकिन, ग्रामीण क्षेत्र में ऐसा नहीं है। इस तरह के आयोजन से लोग बिल्लियों की अन्य प्रजातियों के बारे जागरूक होंगे। उन्होंने बताया कि आम लोग पालतू बिल्लियों को कैट शो में लेकर आये थे। कैट शो में कई प्रजातियों की बिल्लियां आकर्षण का केंद्र बनीं। बच्चे ही नहीं हर उम्र के लोग सजी-धजी बिल्लियों को देखने के लिए यहां आए।
वेटनरी विभाग के डीन डॉ. एमएस भडयाल ने बताया कि राज्य में पहली बार ऐसे कैट शो का आयोजन किया गया है। इसमें विभिन्न प्रजातियों की बिल्लियों को लाकर लोगों को दिखाने का प्रयास किया है। ये सभी बिल्लियां टीकाकृत थीं। आयोजकों ने इस शो में निशुल्क प्रवेश को मान्यता दी थी। इस वजह से आम लोग बिल्लियों को शो में ला पाये। इस दौरान डॉ. अमित खजूरिया, डॉ. अनीश खजूरिया, डॉ. अनिल गोएंका, डॉ. अता मुनीम, डॉ. निखिल, आदि मौजूद थे।
रंग-बिरंगी बिल्लियां देख गदगद हुए लोग
कस्बे में वेटनरी विभाग की ओर से आयोजित कैट शो को देखने पहुंचे लोग कई प्रकार की रंग-बिरंगी बिल्लियों को देखकर गदगद हुए। मीरां साहिब कस्बे से पहुंचीं रूचि डोगरा ने बताया कि पहले कभी इस प्रकार की बिल्लियां नहीं देखी हैं। आज भी कई लोग बिल्लियों के रास्ता काटने पर उनसे घृणा करते हैं। दिन प्रतिदिन बिल्लियों की प्रजातियां कम हो रही हैं। इस ओर ध्यान देना चाहिए।